इंदौर रंग पंचमी गेर 2026: राजवाड़ा में नो एंट्री, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी

Sat 07-Mar-2026,03:46 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

इंदौर रंग पंचमी गेर 2026: राजवाड़ा में नो एंट्री, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी Indore-Rang-Panchami-Ger-2026-Traffic-Plan-No-Entry-Rajwada
  • सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गेर आयोजन के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, जबकि डीजे के उपयोग पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया है।

  • राजवाड़ा क्षेत्र में रविवार सुबह 6 बजे से वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और केवल अनुमति प्राप्त वाहन ही गेर मार्ग में शामिल हो सकेंगे।

Madhya Pradesh / Indore :

इंदौर/ मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में हर साल की तरह इस बार भी रंग पंचमी का प्रसिद्ध गेर उत्सव धूमधाम से मनायाजाएगा। रविवार को होने वाले इस पारंपरिक आयोजन में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। आयोजन के दौरान शहर के प्रमुख इलाकों में भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत कई मार्गों पर नो एंट्री और डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि राजवाड़ा क्षेत्र में सुबह 6 बजे से ही वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

रंग पंचमी के अवसर पर इंदौर शहर में पारंपरिक गेर का आयोजन किया जाता है, जिसमें सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा रंगारंग झांकियां, टैंकरों से रंग और गुलाल की बौछार के बीच जुलूस निकाला जाता है। यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से भी लोग पहुंचते हैं।

प्रशासन ने इस बार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गेर में डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परंपरागत ढोल और बैंड के साथ ही गेर निकाली जाएगी। इसके अलावा पूरे आयोजन की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या से तुरंत निपटा जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गेर मार्ग पर केवल वही वाहन प्रवेश कर सकेंगे जिन्हें आयोजन के लिए अनुमति दी गई है। आम वाहनों के लिए इस मार्ग पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही रविवार सुबह 6 बजे से गेर मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार हेमिल्टन रोड और फ्रूट मार्केट से राजवाड़ा की ओर, संजय सेतु से मृगनयनी और नंदलालपुरा की ओर, इमली बाजार से राजवाड़ा, बड़वाली चौकी से गोराकुंड, यशवंत रोड चौराहे और आड़ा बाजार गली से राजवाड़ा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा मच्छी बाजार से यशवंत रोड चौराहा, राम-लक्ष्मण बाजार से पीपली बाजार, नृसिंह बाजार से शीतला माता बाजार, नयापीठा चौराहा से नरसिंह बाजार, जयरामपुरा तिराहे से नयापीठा चौराहा, बियाबानी चौराहा से दरगाह तिराहा और मालगंज चौराहा की ओर भी नो एंट्री लागू रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए इस पारंपरिक उत्सव का आनंद लें।